जम्मू,कुणाल राठी । कोरोना वायरस से निपटने के लिए जम्मू कश्मीर में जारी लॉकडाउन के चलते पटरी से उतरी अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाने के लिए प्रदेश सरकार ने 1 जून से डीजल और पेट्रोल के दामों में इजाफा किया है. गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश सरकार ने शराब की कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी.
जम्मू कश्मीर सरकार की तरफ से जारी एक आदेश में सोमवार से पेट्रोल में 2 रुपये और डीजल में 1 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. दरअसल, प्रदेश सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले टैक्स में जो छूट दे रखी थी, उसे वापस ले लिया है. जिसका सीधा असर पेट्रोल और डीजल के दामों पर पड़ेगा. प्रदेश के वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश में पेट्रोल व डीजल पर लगने वाले टैक्स में बदलाव के साथ सरचार्ज लगाने का भी जिक्र किया गया है.
आदेश के अनुसार पेट्रोल में दो रुपये जबकि डीजल में एक रुपये की वृद्धि की गई है. जम्मू कश्मीर में पेट्रोल पर पहले 24 प्रतिशत टैक्स लगता था. जिसमें सरकार ने ढाई रुपये प्रति लीटर की छूट दे रखी थी. शुक्रवार को सरकार ने छूट कम करके पचास पैसे प्रति लीटर कर दी है.
इसी तरह पहले डीजल पर 16 प्रतिशत का टैक्स था और 50 पैसे प्रति लीटर की छूट दी जाती थी. डीजल पर 1 रुपये का टैक्स लगता था. सरकार ने अब 50 पैसे की छूट को खत्म कर दिया और 50 पैसे बढ़ाकर एक से डेढ़ रुपया कर दिया है. ऐसे में डीजल की कीमतों में रुपये 1 प्रति लीटर की वृद्धि होगी.
0 Comments
अपना किमती समय देने के लिये
धन्यवाद