अनंतपुर । भारत में ऐसे कई मंदिर है जो कि अपने चमत्कारों और कहानियों के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। आंध्र प्रदेश की अनंतपुर में एक ऐसा ही मंदिर है, जो कि अपने ऐतिहासिक और चमत्कारी महत्व के लिए प्रसिद्ध है। यहां की सबसे खास बात यह हैं कि इस मंदिर के स्तंभ बिना किसी सहारे के हवा में झूल रहे हैं। इसके अलावा इस मंदिर का बहुत संबंध रामायण काल से भी जुड़ा हुआ है।
हवा में झूलते हैं यहां के खंभे, नीचे से कपड़ा निकालने पर होती है मनोकामना पूरी
यह अनूठा मंदिर बैंगलुरु से लगभग 100 किलोमीटर दूर आंध्रप्रदेश के अनंतपुर जिले के एक लेपाक्षी गांव में है। ऐतिहासिक मत के अनुसार, यह मंदिर 16वीं शताब्दी में बनवाया गया था। इस मंदिर को लेपाक्षी मंदिर या वीरभद्र मंदिर भी कहते हैं। इस मंदिर की विशेषता ये है कि इस मंदिर के स्तम्भ बिना किसी सहारे के हवा में लटके हुए हैं। यहां के झूलते खंभों को लेकर यह मान्यता प्रचलित है कि इन खंभों के नीचे से अपनी साड़ी या कपड़े निकालने पर मनुष्य की मनोकामना पूरी हो जाती है।
रामायण काल से जुड़ी है मंदिर की कहानी
लेपाक्षी गांव के साथ रामायण की एक कथा भी प्रचलित है। कथा के अनुसार, सीता हरण के समय पक्षिराज जटायु ने रावण से युद्ध किया था। उस समय युद्ध में घायल होकर जटायु यहीं गिर थे। जब भगवान राम सीता जी को खोजते हुए यहां पहुंचे तो उन्होंने जटायु से देख कर कहा उठो पक्षी, जिसे तेलुगु ‘ले पक्षी’ कहा जाता है। तभी से इस जगह का नाम लेपाक्षी पड़ गया। मंदिर परिसर के पास ही एक विशाल पैर की आकृति धरती पर अंकित है, जिसे भगवान राम के पैर का निशान मान कर पूजा जाता है।
ब्रिटिश इंजीनियर भी नहीं सुलझा पाया यहां का रहस्य
यह मंदिर अपने झूलते खंभों के रहस्य की वजह से इतना प्रसिद्ध हो गया कि इसका रहस्य जानने के लिए एक ब्रिटिश इंजीनियर तक भारत आया था। इंजीनियर ने बहुत कोशिश की, लेकिन इस चमत्कार का रहस्य जान नहीं पाया और वह भी इस रहस्य को बिना सुलझाए वापिस चला गया।
0 Comments
अपना किमती समय देने के लिये
धन्यवाद