मंडला। एनएसयूआई के जिला महासचिव की हत्या हो गई है। चार पहिया वाहन में सवार अज्ञात बदमाशों ने उनकी गोली मार कर हत्या कर दी है। घटना के बाद से एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में जमकर आक्रोश है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव करने पहुँच गए।
मिली जानकारी के मुताबिक मंडला में एनएसयूआई के जिला महासचिव सोनू पारोचिया की हत्या बीती रात एक बजे के पास हुई है। सोनू अपने मोपेड से घर लौट रहा था, इसी दौरान चार पहिया वाहन में सवार कुछ लोगों ने सोनू के मोपेड को पहले टक्कर मारी। इस टक्कर से सोनू अपनी गाड़ी से गिर गया। सोनू के गिरते कार से उतरे बदमाशों ने सोनू के सीने पर गोली मार दी। सीने में गोली लगते ही सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद से मंडला में बवाल मचा हुआ है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है।
0 Comments
अपना किमती समय देने के लिये
धन्यवाद